बरूआ बेहड़ के बाढ़ पीड़ितों को डीएम व एसपी ने किया राशन किट का वितरण 365 बाढ़ पीड़ितों को राशन किट के साथ भेंट किया बिस्किट व मिष्ठान बुजुर्गों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर लिया आर्शीवाद
1 min readAdvertisement
बरूआ बेहड़ के बाढ़ पीड़ितों को डीएम व एसपी ने किया राशन किट का वितरण
365 बाढ़ पीड़ितों को राशन किट के साथ भेंट किया बिस्किट व मिष्ठान
बुजुर्गों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर लिया आर्शीवाद
बहराइच 24 अक्टूबर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र व पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी ने दीपावली के शुभ अवसर पर तहसील महसी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर प्रभावित लोगों से मिलकर उनका कुशल क्षेम पूछा तथा मा. मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी व जिला प्रशासन की ओर से मौजूद लोगों को दीपावली की बधाई व हार्दिक शुभकामनाएं भी दी। उल्लेखनीय है कि तहसील महसी क्षेत्र के भ्रमण के दौरान डीएम व एसपी ने विधायक महसी सुरेश्वर सिंह के प्रतिनिधि अखण्ड प्रताप सिंह व अन्य के साथ बाढ़ राहत चौकी (बाढ़ शरणालय) गंगापुरवा, महसी पहुॅचकर घाघरा नदी के उस पार बसे बाढ़ प्रभावित ग्राम बरुवा बेहड़ के लगभग 365 लोगों को राशन किट, बिस्कुट व मिष्ठान का वितरण किया। विशेष बात यह रही कि बुजु़र्गों को डीएम व एसपी ने अपने हाथों से मिष्ठान खिलाकर उनका आर्शीवाद भी प्राप्त किया।
इस अवसर पर डीएम ने कहा कि मा. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी व मा. मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के स्पष्ट निर्देश हैं कि सभी पात्र लोगों को अनुमन्य राहत प्रदान की जाय। डीएम ने कहा कि शासन के निर्देश पर जिले के सभी बाढ़ प्रभावित लोगों को राशन किट उपलब्ध करायी जा रही है। फिर भी यदि कोई अपरिहार्य कारणों से छूट जाता है तो वह तहसील प्रशासन को अपना विवरण नोट करा दें सत्यापन के उपरान्त उन्हें भी राशन किट उपलब्ध करा दी जायेगी।
डीएम ने मुख्य पर्व दीपावली के अवसर पर भी तहसील प्रशासन के अधिकारियों द्वारा पुलिस प्रशासन के सहयोग से बाढ़ प्रभावित लोगों को राशन किट वितरण करने पर सभी सम्बन्धित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। डीएम ने कहा कि जिले में फसलों की क्षति के आंकलन का कार्य भी युद्ध स्तर पर गतिमान है शीघ्र ही प्रभावित किसानों को मुआवजा भी दिलाया जायेगा। इसके अलावा जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी गई है। अवशेष लोगों को भी गृह अनुदान दिये जाने की कार्यवाही प्रगति पर है।
डीएम ने कहा कि जनपद की बाढ़ प्रभावित तहसीलों मिहींपुरवा (मोतीपुर), नानपारा, महसी व कैसरगंज में मा. सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, एमएलसी, विधायक, क्षेत्र पंचायत प्रमुख, ग्राम प्रधान व पूर्व ग्राम प्रधानों तथा अन्य
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में बाढ़ पीड़ितों को राशन किट वितरण किया जा रहा है। राशन किट वितरण कार्य में जनप्रतिनिधियों की ओर मिलने वाले सहयोग के लिए डीएम ने सभी जनप्रतिनिधियों का भी आभार ज्ञापित किया। इस अवसर पर उप जिला अधिकारी रामदास, नायब तहसीलदार विपुल सिंह सहित राजस्व कर्मी क्षेत्रीय गणमान्य व संभ्रांतजन तथा अन्य संबंधित मौजूद रहे।