पूर्व सांसद पर जानलेवा हमला, कार्यकर्ताओं ने कमरे में छुपाकर बचाई जान, 38 लोग पहुंचे थे हथियार लेकर

Advertisement
*UP: पूर्व सांसद पर जानलेवा हमला, कार्यकर्ताओं ने कमरे में छुपाकर बचाई जान, 38 लोग पहुंचे थे हथियार लेकर।।*
बहराइच में पूर्व सांसद अक्षयवर लाल गोंड पर सोमवार को हमला कर दिया। हमलावर लाठी-डंडा व धारदार हथियारों से लैस होकर आए थे। हमले में सुरक्षाकर्मी भी चोटिल हो गया है।पूर्व सांसद बहराइच व वर्तमान बहराइच सांसद डॉ. आनंद गोंड के पिता अक्षयवर लाल गोंड पर सोमवार को दूसरे समुदाय के लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। पूर्व सांसद एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। लाठी-डंडा व धारदार हथियारों से लैस करीब 38 लोगों के अचानक पहुंचने से मौके पर अफरातफरी मच गई।कार्यकर्ताओं ने उन्हें कमरे में बंद कर उनकी जान बचाई। हमले में पूर्व सांसद बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके सुरक्षागार्ड घायल हो गए।मोतीपुर क्षेत्र के मटेही कला निवासी राम सरोज पाठक के यहां रविवार को यज्ञोपवीत संस्कार कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने के लिए पूर्व सांसद अक्षयवर लाल गोंड पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान गांव निवासी शाहिद अली, नियाज, शाहिद अली द्वितीय, नैप्यारे, सन्नो बेगम, आसमा, सबीना, बाबू उर्फ सगीर आदि 38 लोग लाठी-डंडा व धारदार हथियार के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे और सांसद के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सांसद पर हमला कर दिया।सुरक्षा गार्डों व कार्यकर्ताओं ने सांसद को बचाया, लेकिन इस दौरान कार्यकर्ता व सुरक्षा गार्ड घायल हो गए। पूर्व सांसद को बचाने के लिए सभी ने उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। राम सरोज ने बताया कि आरोपियों ने दरवाजा तोड़ने का भी प्रयास किया और जिसने भी विरोध किया उसकी पिटाई की। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। चीख-पुकार सुन काफी संख्या में ग्रामीण व भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।
इसके बाद हमलावर सांसद को जान से मारने की धमकी देते हुए हथियार लहराते हुए चले गए। इसके बाद कार्यकर्ताओं के सुरक्षा घेरे के बीच सांसद को उनके घर पहुंचाया गया। घटना के बाद से गांव में दहशत व तनाव की स्थिति है। राम सरोज की तहरीर पर पुलिस ने आठ नामजद व 30 अज्ञात पर केस दर्ज किया है। हमले का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
थाना प्रभारी आनंद चौरसिया ने कहा कि पूर्व सांसद पर मांगलिक कार्यक्रम में हमले का प्रयास हुआ है। भाजपा कार्यकर्ता राम सरोज पाठक की तहरीर पर आठ नामजद व 30 अज्ञात पर केस दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है। किसी को भी छोड़ा नहीं जाएगा।