दहेज उत्पीड़न व मारपीट मामले में पति सहित तीन नामजद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
1 min read![](https://i0.wp.com/www.crimekhulasanews.com/wp-content/uploads/2022/10/IMG-20221008-WA05844.jpg?fit=1024%2C768&ssl=1)
Advertisement
दहेज उत्पीड़न व मारपीट मामले में पति सहित तीन नामजद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
परसपुर, गोण्डा। थाना क्षेत्र परसपुर अन्तर्गत ग्राम कड़रू निवासिनी एक महिला की तहरीर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने व मारपीट के मामले में तीन लोगों के विरूद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक परसपुर थाना क्षेत्र निवासिनी महिला उर्मिला सिंह पत्नी सूर्यदेव सिंह ने थाने पर तहरीर देकर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसकी पुत्री प्रिंसी का विवाह नन्दौर (चौहान पुरवा) निवासी बब्बू सिंह के साथ सन् 2015 में किया गया था। जिसमे पीड़िता द्वारा अपने हैसियत के मुताबिक दान-दहेज देकर बेटी को विदा किया था। कुछ दिन व्यतीत होने के पश्चात ससुरालीजनों द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसकी बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा। फिर एक दिन उसकी पुत्री प्रिंसी से ससुराल वालों ने दो लाख रुपये नगदी की माँग किया। प्रिंसी ने इस बात से अपने मायके वालों को अवगत कराया। जिस पर उसकी माँ ने दो लाख रुपये की मांग पूरी कर पाने में असमर्थता जताई। जिस पर ससुरालीजनों ने एकराय होकर उसकी पुत्री को प्रताड़ित करते हुए मारपीट कर घर से भगा दिया। जिससे उसने किसी तरह से अपने मायके पहुंचकर आप-बीती सुनाई। उसके मायके चले जाने पर भी ससुरालीजन द्वारा जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर नन्दौर चौहान पुरवा निवासी दामाद बब्बू सिंह, समधन सुनीता व दामाद के छोटे भाई मनीष सिंह पर दहेज उत्पीड़न व मारने पीटने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला के तहरीर के आधार पर नन्दौर चौहान पुरवा निवासी उसकी पुत्री के पति, सास समेत देवर पर विधिक धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जाँच शुरू कर दी गई है।